लोहता : राजस्व टीम के सीमांकन से किसानों को राहत
कोटवा में चकरोड निर्माण का कार्य कराया गया दुरुस्त
वाराणसी (जनवार्ता)। लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में चकरोड निर्माण के दौरान सीमांकन को लेकर उठे विवाद का सोमवार को राजस्व विभाग की जांच के बाद समाधान हो गया। नायब तहसीलदार प्रीति पांडे के नेतृत्व में राजस्व टीम ने डिजिटल और भौतिक सत्यापन कर मौके का निरीक्षण किया, जिसके बाद कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को निर्धारित सीमांकन के अनुसार ही चकरोड निर्माण करने के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई से प्रभावित किसानों की लगभग दो बिस्वा भूमि सुरक्षित हो गई।


जानकारी के अनुसार, गांव की आराजी संख्या 1220 अजय कुमार सिंह और अरुण कुमार सिंह के नाम दर्ज है। किसानों का आरोप था कि पूर्व में राजस्व विभाग द्वारा 10 कड़ी चौड़े चकरोड का सीधा सीमांकन किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य निर्धारित सीमा से हटकर उनकी भूमि को प्रभावित करते हुए कराया जा रहा था। इस पर उन्होंने लगातार आपत्ति दर्ज कराई थी।

मामले की शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार प्रीति पांडे की अगुवाई में राजस्व टीम गठित की गई। सोमवार को टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और डिजिटल व भौतिक सत्यापन किया। जांच में सीमांकन के विपरीत कार्य पाए जाने पर अधिकारियों ने ठेकेदार और कार्यदायी संस्था से जुड़े लोगों को फटकार लगाते हुए तत्काल निर्माण कार्य को सही कराने तथा निर्धारित सीमांकन के अनुरूप ही चकरोड बनाने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की निष्पक्ष कार्रवाई के बाद अजय कुमार सिंह और अरुण कुमार सिंह सहित प्रभावित किसानों ने नायब तहसीलदार प्रीति पांडे एवं पूरी राजस्व टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य निर्धारित राजस्व अभिलेखों और सीमांकन के अनुसार ही कराया जाएगा।

