गंगा का जलस्तर बढ़ने से वाराणसी के घाटों पर बदली व्यवस्था, श्रद्धालुओं का स्नान स्थल बदला
वाराणसी (जनवार्ता)। हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब वाराणसी में गंगा नदी के जलस्तर पर भी दिखने लगा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे तक गंगा का जलस्तर 61.28 मीटर दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर करीब 20 मिलीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। हालांकि, जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे है।

बढ़ते जलस्तर के कारण कई घाटों पर स्थित मंदिरों की चौखट तक पानी पहुंच गया है। इससे नियमित स्नान और दर्शन-पूजन करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भभुआ पांडेय घाट के निवासी रवि पांडेय ने बताया कि गंगा का पानी बढ़ने से स्नान का स्थान ऊपरी सीढ़ियों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। मंदिरों में भी बाहर से ही दर्शन किए जा रहे हैं।
शिवगंगा दैनिक प्रभात फेरी के संगठन मंत्री नरेंद्र नाथ ने बताया कि उनकी टोली पहले अहिल्याबाई घाट पर स्नान करती थी, लेकिन अब चौकी के पास ऊपरी हिस्से में स्नान किया जा रहा है। चौकी का स्थान भी बदला जा रहा है।
उधर, जल पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें घाटों पर निगरानी बढ़ाते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही हैं। पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण नमो घाट पर भी बढ़ते जलस्तर का असर दिखाई देने लगा है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर घाट के कुछ हिस्सों में आवागमन पर रोक लगाई जा सकती है।

