प्राथमिक विद्यालय मण्डुवाडीह में बाल संसद का गठन, परी बनीं प्रधानमंत्री
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी विद्यापीठ क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय मण्डुवाडीह में सोमवार को विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से “बाल संसद” का गठन किया गया। इस दौरान विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराकर बाल प्रधानमंत्री का चुनाव कराया गया।


प्रधानमंत्री पद के लिए कक्षा 4 एवं 5 की छात्राएं संध्या, हेमलता, परी और काव्या चुनाव मैदान में थीं। सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद कुमारी परी को भारी मतों से विजयी घोषित किया गया और उन्हें विद्यालय की बाल प्रधानमंत्री चुना गया।

चुनाव के बाद अन्य पदों पर भी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका सरिता राय ने नवनिर्वाचित बाल सांसदों को बधाई देते हुए कहा कि बाल संसद बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है तथा इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ भी बढ़ती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

