रविदास जन्मस्थली की पावन मिट्टी का कलश पहुंचा अंबेडकरनगर
अंबेडकरनगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली से लाई गई पावन मिट्टी से भरे कलश का अंबेडकरनगर में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा निकालकर कलश को श्रद्धापूर्वक जिला कार्यालय अटल भवन तक पहुंचाया।

अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री अंकित मंडेला वाराणसी से पावन मिट्टी का कलश लेकर पहुंचे। आकर्षक रथ में विराजमान कलश के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। रास्ते भर संत रविदास के जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने कलश का स्वागत किया।
जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, समरसता, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जन्मस्थली की पावन मिट्टी आस्था के साथ भारतीय संत परंपरा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में यह कलश जिले के सभी मंडलों और शक्ति केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, रमाशंकर सिंह, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, अनीता कमल, बाबा राम शब्द यादव, विमलेंद्र प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय, विनय पांडेय सहित भाजपा एवं अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

