सांसद पप्पू यादव के खिलाफ सिगरा थाने में तहरीर
कानूनी कार्रवाई की मांग
वाराणसी (जनवार्ता) । साधना सनातन दल एवं हिंदू युवा वाहिनी, वाराणसी जिला के पदाधिकारियों ने शनिवार को पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के खिलाफ सिगरा थाने में तहरीर देकर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

साधना सनातन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य ने कहा कि सनातन धर्म करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और किसी भी व्यक्ति द्वारा सनातन परंपरा, देवी-देवताओं अथवा धार्मिक भावनाओं का अपमान करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म की भावनाओं को आहत करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन करेगा।
हिंदू युवा वाहिनी, वाराणसी जिला के अध्यक्ष समर बहादुर सिंह ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है और वहां जनप्रतिनिधियों से गरिमापूर्ण एवं जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी व्यवहार, जिससे किसी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
इस दौरान दीपक गुप्ता, नरेंद्र सेठ, अंशु गुप्ता, शकुंतला प्रजापति, सोनू सिंह, विशाल सिंह, सुनीता सोनी और गणेश जायसवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

