गाना बजाने के विवाद में पिता-पुत्र की हत्या
मुंबई (जनवार्ता)। विक्रोली पश्चिम के राहुल नगर स्थित पार्कसाइट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से हुए हमले में सुनील विश्वकर्मा (40) और उनके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि पत्नी अंजू विश्वकर्मा और छोटे बेटे विवान विश्वकर्मा घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, चार भाई एक ही मकान में अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे। तड़के संगीत की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। गंभीर रूप से घायल सुनील और उनके बेटे ने राजावाड़ी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पार्कसाइट पुलिस ने मामले में सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

