चलती लोकल ट्रेन में युवक की चाकू मारकर हत्या, मामूली विवाद बना जानलेवा
मुंबई (जनवार्ता)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक बार फिर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चर्चगेट से नालासोपारा जा रही फास्ट लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

मृतक की पहचान विरार निवासी मयंक लोहार के रूप में हुई है, जो अंधेरी स्थित एक निजी कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात वह रोजाना की तरह काम से घर लौट रहा था। उसी दौरान भारी बारिश के बीच ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में खुले दरवाजे से पानी की बौछारें अंदर आ रही थीं। मयंक ने एक सहयात्री से दरवाजा बंद करने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक धारदार हथियार निकालकर मयंक के पेट में हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पहुंचने से पहले ही चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल मयंक को तत्काल बोरीवली स्टेशन के आपातकालीन चिकित्सा कक्ष ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मयंक के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में माता-पिता, एक बहन और तीन भाई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जांच के तहत बोरीवली और अंधेरी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
गौरतलब है कि पश्चिमी रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर इस वर्ष चाकूबाजी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले फरवरी 2026 में मलाड स्टेशन पर एक कॉलेज शिक्षक पर भी चाकू से हमला किया गया था। ताजा घटना के बाद लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।

