राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों और कारीगरों का सम्मान
लाभार्थियों को वितरित किए गए चेक
लखनऊ (जनवार्ता) । राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों एवं कारीगरों को ‘संत कबीर राज्य स्तरीय हथकरघा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। समारोह में पारंपरिक हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुनकरों के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हथकरघा एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना तथा झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के रूप में चेक वितरित किए गए। इसके अलावा हथकरघा उत्पादों के विपणन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से प्रमुख क्रेताओं के साथ सहमति पत्र (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया गया।

इस अवसर पर कहा गया कि प्रदेश सरकार हस्तशिल्पियों और बुनकरों के सम्मान, स्वाभिमान तथा समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प एवं हथकरघा परंपरा का संरक्षण, संवर्धन और कारीगरों को बेहतर बाजार तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
समारोह में सम्मानित सभी बुनकरों, कारीगरों एवं योजनाओं के लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

