बेटे की चाहत में बिजली विभाग के एसडीओ पर बच्चा चोरी की साजिश का आरोप
एएनएम समेत गिरफ्तार
कानपुर (जनवार्ता)। बेटे की चाहत में एक बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी पर कथित रूप से बच्चे की चोरी की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में बिजली विभाग में तैनात उपखंड अधिकारी आरके वर्मा और एक एएनएम को गिरफ्तार किया है। यह मामला घाटमपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, उपखंड अधिकारी आरके वर्मा की दो बेटियां हैं और वह कथित तौर पर बेटे की चाहत रखता था। आरोप है कि बच्चे की चोरी कराने के लिए एक महिला को पांच लाख रुपये देने का लालच दिया गया था। महिला घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और कथित तौर पर एक बच्चे को चोरी कर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ी गई।
पूछताछ में महिला की पहचान स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सहायक नर्स दाई (एएनएम) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बच्चे को कथित रूप से उपखंड अधिकारी को सौंपने की साजिश का खुलासा हुआ। इसके एवज में महिला को पांच लाख रुपये मिलने थे।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा चोरी की इस कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा घटना की पूरी योजना किस तरह तैयार की गई थी।
घटना ने स्वास्थ्य केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और नवजात एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

