अश्लील इशारा कर परेशान करने के आरोप में महिला गिरफ्तार
बीएनएस की धारा 296 में मुकदमा दर्ज
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर राहगीरों को कथित रूप से अश्लील इशारे कर परेशान करने के आरोप में पुलिस ने करीब 20 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सिगरा थाने की एंटी रोमियो टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि कैंट स्टेशन के सामने पिलर नंबर 57 से 60 के बीच एक महिला वहां से गुजरने वाले राहगीरों और आम लोगों को अश्लील इशारे कर परेशान कर रही है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि शिकायत सही पाए जाने पर महिला को हिरासत में लिया गया।
मामले में सिगरा थाने में मु0अ0सं0 0359/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक प्रेमलता सिंह, महिला उपनिरीक्षक डली साहू, रिजर्व महिला कांस्टेबल महिमा तिवारी और रिजर्व कांस्टेबल विनय कुमार चौरसिया शामिल रहे।

