देव दीपावली पर काशी के घाटों से कुंडों तक जलेंगे 11 लाख से अधिक दीप, सुरक्षा के लिए 10 जोन में बंटा घाट क्षेत्र

देव दीपावली पर काशी के घाटों से कुंडों तक जलेंगे 11 लाख से अधिक दीप, सुरक्षा के लिए 10 जोन में बंटा घाट क्षेत्र

20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को देव दीपावली पर दशाश्वमेध की महाआरती, चेतसिंह घाट पर लेजर शो और ड्रोन शो का होगा आयोजन

वाराणसी (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। वाराणसी में 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा।

rajeshswari

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का पर्व है। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि देव दीपावली का उल्लास केवल शहर तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक भी पहुंचे।

नमो घाट पर आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की भव्य महाआरती, चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी आयोजित की जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों में आमजन की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा गया है।

10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बंटा घाट क्षेत्र

लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), खोया-पाया केंद्र और पर्यटक पुलिस की तैनाती की जाएगी। गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। नाविकों को भी सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : निजी क्लिनिक में  गर्भवती महिला का शिशु मृत

जाम से निपटने के लिए 31 पार्किंग स्थल

शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सात डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए 14 अस्पतालों को जोड़ते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए दीपकों को भी दीपोत्सव में शामिल करने पर जोर दिया। इसके साथ ही 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम एवं यादगार अनुभव मिल सके।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *