अखाड़े में दरोगा ने दिखाई दमदार फिटनेस, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वाराणसी (जनवार्ता)। एक ओर युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है, वहीं पुलिस विभाग में तैनात दरोगा ने फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया है। सोमवार को सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा चौकी के समीप प्राचीन जगन्नाथ मन्दिर प्रांगण के अखाड़े में चौकी प्रभारी दरोगा शिवम मिश्रा का अखाड़े में पारंपरिक कसरत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

जहाँ खाकी वर्दी में दरोगा भारी-भरकम ‘नाल’ उठाकर अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह नाल को जमीन से उठाकर सिर के ऊपर तक कई बार ले जाते दिखाई देते हैं। उनकी ताकत और जोश देखकर अखाड़े में मौजूद पहलवानों, बच्चों और बुजुर्गों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। लोगों का कहना है कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच फिटनेस के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लोगों के लिए प्रेरणादायी बन रही है। दरोगा का यह अंदाज युवाओं को नशे से दूर रहकर व्यायाम, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी देता है। जबकि पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति और देशी व्यायाम को बढ़ावा देने की मिसाल पेश करता है।

