सोलर लगा, बिल घटने के बजाय फिर पहुंचा 2600 रुपये, उपभोक्ता ने उठाए सवाल
वाराणसी (जनवार्ता)। सरकार लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है, ताकि बिजली की खपत और बिल दोनों कम हों। लेकिन मंडुवाडीह क्षेत्र के महेशपुर निवासी अरविंद कुमार शर्मा के मामले ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उनका कहना है कि सोलर लगने से पहले उनका बिजली बिल करीब दो हजार रुपये आता था। अगस्त 2025 में सोलर लगवाने के बाद बिल घटकर लगभग 200 रुपये रह गया। उन्होंने बताया कि साल भर बाद पोस्टपेड व्यवस्था होने के बाद अचानक बिल करीब 2600 रुपये पहुंचने लगा। जबकि घर का लोड और सोलर सिस्टम पहले की तरह ही है, फिर बिल में इतनी बढ़ोतरी कैसे हुई? उन्होंने आशंका जताई कि कहीं मीटर या डाटा सेटिंग में गड़बड़ी तो नहीं है। उन्होंने 15 अगस्त को विभाग में शिकायत की थी और सोमवार को जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच व समाधान का आश्वासन देकर लौट गए। इस मामले पर जनवार्ता ने मुख्य अभियंता वितरण प्रथम राकेश कुमार से पक्ष जानना चाहा। उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।

