साइबर जागरूकता अभियान में पुलिस ने लोगों को किया जागरूक, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए उपाय

साइबर जागरूकता अभियान में पुलिस ने लोगों को किया जागरूक, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए उपाय

वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में थाना प्रभारी सिगरा शिवाकांत मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर सेल थाना सिगरा की टीम ने नगर निगम क्षेत्र में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक भरत भट्ट, उपनिरीक्षक काजोल सिंह, कांस्टेबल सुमित साहू व कांस्टेबल अभिषेक शर्मा ने लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बचाव के उपाय बताए।

rajeshswari

पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट स्कैम, लोन स्कैम, सेक्सटॉर्शन, नौकरी, लॉटरी, गूगल सर्च, फेक पेमेंट, टेलीग्राम टास्क, OLX तथा क्रेडिट-डेबिट कार्ड के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, कार्ड नंबर, सीवीवी या यूपीआई पिन साझा न करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि पैसा प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन की आवश्यकता नहीं होती। भुगतान करने से पहले प्राप्तकर्ता का नाम और क्यूआर कोड जांचना चाहिए। सार्वजनिक कंप्यूटर या वाई-फाई से इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई अथवा अन्य वित्तीय लेन-देन करने से बचने तथा संदिग्ध लिंक, यूआरएल और अनजान ऐप डाउनलोड नहीं करने की अपील की गई।

अभियान में व्हाट्सएप हैकिंग के तरीकों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। पुलिस ने काल फॉरवर्डिंग, संदिग्ध एपीके मैसेज और काल मर्जर जैसे तरीकों से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी।

साइबर बुलिंग के संबंध में बताया गया कि सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश भेजना, फर्जी प्रोफाइल बनाकर बदनाम करना, निजी तस्वीरें अथवा जानकारी सार्वजनिक करना भी गंभीर साइबर अपराध की श्रेणी में आ सकता है। लोगों से सोशल मीडिया खातों में मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय रखने, प्राइवेसी सेटिंग मजबूत करने और अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने में सावधानी बरतने को कहा गया।

इसे भी पढ़े   बेटे समेत तीन दोस्तों पर लाखों के गहने और नकदी चोरी करने का आरोप

पुलिस टीम ने अभिभावकों से बच्चों को ऑनलाइन दुनिया के जोखिमों के बारे में समझाने, स्क्रीन टाइम सीमित करने, पैरेंटल कंट्रोल का उपयोग करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की। साथ ही बच्चों को डराने के बजाय संवाद के माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत के दौरान लेन-देन से संबंधित यूटीआर, तारीख, राशि और बैंक संबंधी विवरण सुरक्षित रखना उपयोगी होगा। पुलिस ने लोगों को संदेश दिया कि साइबर जागरूकता ही साइबर बचाव है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *