आराध्या चौहान का राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
वाराणसी (जनवार्ता)। जीवनदीप पब्लिक स्कूल, बड़ा लालपुर की कक्षा पांच-सी की प्रतिभाशाली छात्रा आराध्या चौहान ने सीबीएसई जोनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर विद्यालय और वाराणसी का गौरव बढ़ाया।

15 से 18 अगस्त तक न्यू एंजल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रतापगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में आराध्या ने अंडर-14 आयु वर्ग के 28 से 30 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
आराध्या की इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन सीबीएसई राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए भी हुआ है, जिसका आयोजन हरियाणा में किया जाएगा। उनकी सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने आराध्या को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने कहा कि आराध्या की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।

