शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या

शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या

बच्छांव में किराए के कमरे में मिला खून से लथपथ शव

वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र की अखरी चौकी अंतर्गत बच्छांव पश्चिमपुरा में गुरुवार को एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती 18 अगस्त से लापता थी और उसके परिजनों ने राजातालाब थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

rajeshswari

मृतका राजातालाब क्षेत्र के जक्खिनी चौकी अंतर्गत मरुई गांव की रहने वाली थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता जक्खिनी में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। परिजनों के अनुसार युवती की शादी कुछ दिन पहले पड़ोस के गांव में तय हुई थी और नवंबर में विवाह होना था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का चोलापुर थाना क्षेत्र के नियारडीह निवासी एक युवक से प्रेम संबंध था। युवक मीरजापुर के भुआलपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का काम करता था। करीब एक माह पहले उसने बच्छांव में किराए पर कमरा लिया था।

बताया जा रहा है कि 18 अगस्त को युवती जगतपुर कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच युवती के परिजनों को युवक के ननिहाल से एक बैग में कमरे की चाबी मिली। इसके बाद परिजन पुलिस को सूचना देकर बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचे।

इसे भी पढ़े   बकरी पालन से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

कमरा खोलने पर बाथरूम में युवती का खून से लथपथ शव मिला। शव से दुर्गंध आने लगी थी। आशंका है कि युवती की धारदार हथियार और ईंट से वार कर हत्या की गई और इसके बाद कमरे में बाहर से ताला लगाकर आरोपी फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआईजी, डीसीपी गोमती, एडीसीपी वरुणा जोन और अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल कानिरीक्षण किया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने उनकी बेटी का अपहरण कर उसकी हत्या की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *