बस और स्कूल वैन की आमने-सामने टक्कर

बस और स्कूल वैन की आमने-सामने टक्कर

कई बच्चे घायल

धरमपुर में हादसे के बाद मची चीख-पुकार, घायलों को लेकर अस्पतालों की ओर दौड़े परिजन

जौनपुर (जनवार्ता) । मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार को बस और बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

rajeshswari

बताया गया कि स्कूल वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। धरमपुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वैन सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार बच्चे घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल बच्चों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। परिजन बच्चों को सुजानगंज, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर और प्रयागराज के अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए लेकर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी जानकारी है।

सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

इसे भी पढ़े   UP: यमुना नदी में डूबे पांच बच्चे

हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया। घायलों के उपचार को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों ने अस्पतालों में पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। उपलब्ध जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना।

घटना के बाद स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, हादसे में घायल बच्चों की वास्तविक संख्या और उनकी चिकित्सकीय स्थिति के संबंध में आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *