काशी सांसद स्केचिंग, पेंटिंग व फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भव्य समापन

काशी सांसद स्केचिंग, पेंटिंग व फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भव्य समापन

वाराणसी। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को काशी सांसद स्केचिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन हुआ। 3 से 20 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में काशी के हजारों बच्चों और युवाओं ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्रतिभाग कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

rajeshswari

कार्यक्रम में आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने विजेता और प्रतिभागी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि काशी के बच्चों और युवाओं में अद्भुत कलात्मक प्रतिभा है। ऐसे आयोजन उनकी प्रतिभा को पहचान और उचित मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि काशी आध्यात्मिक और धार्मिक नगरी होने के साथ संगीत, साहित्य, कला एवं ज्ञान की भी विश्वविख्यात राजधानी है।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने अभिभावकों से बच्चों की तुलना दूसरों से न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे की रुचि पेंटिंग, स्केचिंग, फोटोग्राफी, संगीत या खेल में है तो उसे उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। केवल परीक्षा में मिले अंकों से बच्चे की क्षमता का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता।

डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि पेंटिंग, स्केचिंग और फोटोग्राफी समाज, संस्कृति और जीवन को देखने तथा दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की सशक्त विधाएं हैं। एक कलाकार की रचना आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत बन सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों से निरंतर अभ्यास कर अपनी कला को निखारने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़े   जीवनदीप में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का हुआ आयोजन

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें अपने मन में उठने वाले सवाल खुलकर सामने रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा व्यक्तित्व और ज्ञान के विकास की पहली सीढ़ी है। जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों की पेंटिंग और स्केचिंग की सराहना करते हुए उनकी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मकता को प्रशंसनीय बताया।

प्रतियोगिता में प्रथा पाण्डेय, अयान कश्यप, सानवी चौहान, प्रियंका पाण्डेय, इशिका सिंह, सानवी पटेल, उपमन्यु, उष्का पटेल, भूमि विश्वकर्मा, पृथ्वीराज पाल, अथर्व कुशवाहा, आराध्या राजभर, अगम्य सिंह, श्रेयान सिंह, कार्तिक, शहनाज सुंदर, अनन्या शर्मा, अनन्या सिंह, मुस्कान सरोज, जोशी मिश्रा समेत बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में सफलता हासिल की।

कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रमील पाण्डेय, अमित श्रीवास्तव समेत आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। विजेताओं के सम्मान के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह का समापन ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हुआ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *