नमो घाट से पुरानापुल तक बोट से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
वाराणसी (जनवार्ता)। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को नमो घाट से पुरानापुल तक नाव से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें अधिकारियों ने जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।


इस दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया कि बाढ़ राहत शिविर शुरू कर दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीमें चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर रख रही हैं।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों व बुजुर्गों को जाने से रोकने तथा आमजन को सतर्क रहने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर में होने वाले बदलाव के अनुसार सुरक्षा, राहत और बचाव की व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रशासन ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और पुलिस-प्रशासन के आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

