इंस्टाग्राम दोस्ती बनी ब्लैकमेल का हथियार, शादी से पहले युवती को परेशान करने का आरोप
चौबेपुर (संवाददाता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने एक युवक पर शादी से पहले उसे ब्लैकमेल करने और सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी एक युवक से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे वीडियो कॉल और ऑडियो कॉल तक पहुंच गई।

जब युवती ने शादी का हवाला देते हुए उससे मिलने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने और परिजनों को अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी।पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले तो उसे बहला-फुसलाकर मिलने का प्रयास किया, लेकिन जब उसने साफ मना कर दिया, तो वह उसके माता-पिता, भाई और होने वाली ससुराल वालों को अश्लील तस्वीरें भेजने की धमकी देने लगा। युवती का कहना है कि जब वह उसकी बातों पर नहीं झुकी, तो आरोपी ने उसकी एक फोटो उसकी मौसी के बेटे (मौसेरे भाई) को भेज दी और वॉइस रिकॉर्डिंग में यह कहकर बदनाम किया कि उसने उसके साथ संबंध बनाए हैं। इस वॉइस मैसेज और फोटो के जरिए आरोपी ने पीड़िता की इज्जत को निशाना बनाया।मामला गंभीर होने पर पीड़िता ने चौबेपुर थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है

