ज्ञानवापी में जलाभिषेक को निकले शिवसैनिकों को पुलिस ने रोका
हिरासत में लेकर छोड़ा
वाराणसी (जनवार्ता)। सावन के अंतिम सोमवार को ज्ञानवापी में जलाभिषेक की मांग को लेकर शिवसेना उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। जुलूस के गोदौलिया चौराहे पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया और प्रदर्शन कर रहे शिवसैनिकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

शिवसेना के राज्य उप प्रमुख अजय चौबे ने श्रीकाशी विश्वनाथ, श्रृंगार गौरी और ज्ञानवापी स्थित आदि विश्वेश्वर शिवलिंग पर जलाभिषेक की अनुमति देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानवापी हिंदू पक्ष को नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
जिद पर अड़े शिवसैनिकों को दशाश्वमेध सर्किल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ गोदौलिया से हिरासत में लिया। बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। प्रदर्शन के दौरान भवानी सेना की महिलाएं भी मौजूद रहीं।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। प्रशासन ने किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।

