चकवा महावीर मेले में सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
भदोही । चकवा महावीर मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, अपर जिला मजिस्ट्रेट शुभांगी शुक्ला एवं उप जिलाधिकारी अरुण दीक्षित ने ज्ञानपुर थाना क्षेत्र स्थित चकवा महावीर मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।


अधिकारियों ने मेला परिसर के साथ प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों, श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों तथा विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस बल का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने, भीड़ को व्यवस्थित रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। किसी समस्या या अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए।
भदोही पुलिस एवं जिला प्रशासन की ओर से चकवा महावीर मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है।

