सामाजिक न्याय के महान योद्धा थे पीएन सिंह यादव : डॉ. सुधा यादव
वाराणसी (जनवार्ता) । डीएवी पीजी कॉलेज में मंगलवार को महाविद्यालय के पूर्व प्रबंधक एवं सामाजिक न्याय के योद्धा स्व. पीएन सिंह यादव की 22वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी आयोजित की गई। ‘सामाजिक न्याय और समावेशी नीतियों की अवधारणा’ विषयक संगोष्ठी में भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य और पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव ने कहा कि पीएन सिंह यादव सही मायने में सामाजिक न्याय के महान योद्धा थे।

मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव ने कहा कि स्व. पीएन सिंह यादव ने शिक्षा को माध्यम बनाकर पिछड़े और वंचित वर्गों को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ी। सामाजिक न्याय की लड़ाई की शुरुआत स्वयं से करने की जरूरत है। समाज हमें क्या दे रहा है, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम समाज को क्या लौटा रहे हैं। सामाजिक, आर्थिक रूप से पिछड़े और वंचित लोगों की जाति, धर्म और लिंग का भेद किए बिना मदद करना ही वास्तविक सामाजिक न्याय है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पिछले एक दशक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जनधन योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इससे सामाजिक न्याय की अवधारणा को मजबूती मिली है। उन्होंने कॉलेज परिसर में स्व. पीएन सिंह यादव की प्रतिमा न होने पर खेद जताते हुए प्रबंधन से आने वाले वर्षों में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की अपेक्षा की।
इससे पहले डॉ. सुधा यादव, मंत्री/प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव समेत अन्य अतिथियों ने स्व. पीएन सिंह यादव के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अजीत कुमार सिंह यादव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
स्वागत भाषण उपप्राचार्य प्रो. संगीता जैन ने दिया। संचालन डॉ. पारूल जैन और धन्यवाद ज्ञापन कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल ने किया। इस अवसर पर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, उपप्राचार्य प्रो. राहुल, प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह, डॉ. आहूति सिंह, डॉ. राजेश झा, डॉ. ऐश्वर्या उपाध्याय, राहुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक यादव, सुमित यादव, चन्द्रजीत यादव, सत्यनारायण सिंह ‘छोटू’ समेत शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
वहीं, पुण्यतिथि के अवसर पर डीएवी इंटर कॉलेज में भी शिक्षकों और कर्मचारियों ने स्व. पीएन सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया।

