मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम ने तीन असलहा तस्करों को दबोचा
पांच देशी पिस्टल, सात तमंचे और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मछलीशहर थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर अंतरजनपदीय अवैध असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच देशी पिस्टल, सात अवैध तमंचे और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना मछलीशहर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ताजुद्दीनपुर पुलिया के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोगों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध असलहे और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव प्रकाश मिश्रा निवासी ढोकरी, थाना फूलपुर, प्रयागराज, मनकामेश्वर मिश्रा निवासी ढोकरी, थाना फूलपुर, प्रयागराज और प्रियांशु शुक्ला निवासी खोजापुर, थाना फूलपुर, प्रयागराज के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों के अंतरजनपदीय अवैध असलहा तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी प्रयागराज, जौनपुर और मिर्जापुर समेत अन्य जनपदों में अवैध असलहों की तस्करी कर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह का मुख्य सरगना सुनील दूबे निवासी हरसड़ हलिया, थाना लालगंज, मिर्जापुर बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामले में थाना मछलीशहर में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 के तहत धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25, 5/25 और 25(8) आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मनकामेश्वर मिश्रा के खिलाफ मिर्जापुर के कछवा थाने में भी आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक विनोद कुमार चतुर्वेदी समेत थाना मछलीशहर पुलिस टीम तथा स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक यजुवेन्द्र सिंह और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

