1.50 करोड़ रुपये के गबन में शामिल आरोपी को ईओडब्ल्यू ने किया गिरफ्तार
जौनपुर। काशी गोमती संयुक्त ग्रामीण बैंक की मंडी समिति चौकिया शाखा में वर्ष 2012-13 के दौरान विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं में फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीब 1.50 करोड़ रुपये के सरकारी धन के कथित गबन के मामले में ईओडब्ल्यू वाराणसी ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जोगेंद्र उर्फ योगेंद्र प्रसाद पुत्र इंद्रजीत, निवासी प्रेमापुर थाना गौराबादशाहपुर, जौनपुर है। उसे गुरुवार को करीब 11 बजे जेसीज चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर एजेंट और जमानतदार की भूमिका निभाते हुए ऋण योजनाओं में फर्जीवाड़े में शामिल होने का आरोप है।
मामले में तत्कालीन बैंक प्रबंधक राम कृपाल मौर्या ने वर्ष 2015 में शाखा प्रबंधक और एजेंट के खिलाफ लाइन बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शासन के निर्देश पर इसकी जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) वाराणसी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान आरोपी की भूमिका सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी की गई।
ईओडब्ल्यू के मुताबिक आरोपी जेसीज चौराहा स्थित यशवंत कटरा में ‘चांदनी सोलर ऊर्जा’ के नाम से एजेंसी चलाता था और बाद में उसने अपना ठिकाना ग्राम इब्राहिमाबाद में बना लिया था। गिरफ्तार आरोपी को वाराणसी न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।

