जौनपुर : कारोबारी लूटकांड का फरार इनामिया थानेदार व्हाट्सऐप स्टेटस से दे रहा धमकी
जौनपुर। दो कारोबारियों के अपहरण और लूट के मामले में फरार सुरेरी थाने के निलंबित थानेदार दिव्य प्रकाश सिंह पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में दो सिपाहियों समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद थानेदार के दो सगे भाइयों विकास सिंह और संकीत सिंह ने भी अदालत में सरेंडर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, फरार थानेदार अपने व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए लगातार संदेश पोस्ट कर अधिकारियों को धमकी दे रहा है।

मामला 15 सितंबर का है। जलालपुर थाना क्षेत्र में कारोबारी विजय राजभर को पुलिस का भय दिखाकर अगवा किया गया और सुरेरी थाने ले जाकर उसके साथ मारपीट कर रुपये वसूले गए। आरोप है कि उसका मोबाइल लेकर यूपीआई के जरिए दो लाख रुपये से अधिक रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराई गई। शिकायत के बाद जांच शुरू हुई तो एक अन्य कारोबारी सुशील कुमार पांडेय ने भी इसी तरह की वारदात की जानकारी पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने 22 सितंबर को पांच सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में जांच के दौरान पुलिसकर्मियों से पूछताछ और पहचान की कार्रवाई हुई। जांच में थानेदार की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, वारदात में थानेदार के भाइयों की भी भूमिका सामने आई है।
पीड़ित कारोबारियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें वाहन से अगवा कर सुरेरी थाने ले जाया गया और धमकाया गया। आरोप है कि उनसे नकदी और ऑनलाइन रकम भी ली गई। मामले में निलंबित थानेदार अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फरार थानेदार के व्हाट्सऐप स्टेटस पर लगातार ऐसे संदेश पोस्ट किए जा रहे हैं, जिनमें अधिकारियों और मामले से जुड़े लोगों के खिलाफ धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस इन संदेशों और मामले से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

