पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत

सुल्तानपुर  (जनवार्ता)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने स्लीपर बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ।
बस गुड़गांव से बिहार जा रही थी और उसमें करीब 80 यात्री सवार थे। सभी रक्षाबंधन मनाने अपने घर जा रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे चालक ने बाथरूम जाने के लिए एक्सप्रेस-वे के किनारे बस रोक दी। चालक के नीचे उतरते ही पीछे से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला चार-पांच फीट हिस्सा पिचक गया। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीटें काटकर यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान श्यामलाल मंडल, विनोद मंडल (50) और किरन देवी (60) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के रहने वाले थे। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
घायल सुशील मंडल ने बताया कि वह अपनी मां किरन देवी के साथ सुपौल जा रहा था। दोनों रक्षाबंधन पर घर जा रहे थे। हादसे में उनकी मां की मौत हो गई। वहीं, यात्री आकाश कुमार ने बताया कि तेज धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली। उनके सिर में चोट लगी थी और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   बाबा विश्वनाथ-माता गौरा के विवाह की मेहंदी रचाई, गूंजे मंगलगीत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *