धूपचंडी वार्ड से कांग्रेस की ‘काशी न्याय यात्रा’ का आगाज
p‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ के नारों के साथ जनसंपर्क अभियान शुरू
वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को धूपचंडी वार्ड से ‘काशी न्याय यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने पार्टी का झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता वाराणसी के सभी 100 वार्डों में पदयात्रा कर घर-घर पहुंचेंगे और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को उठाएंगे।


काशी न्याय यात्रा के दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ के नारों के साथ लोकतांत्रिक अधिकारों, मंदिरों में चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जनजागरण किया जाएगा। अभियान के दूसरे चरण में प्रत्येक शनिवार को हनुमान चालीसा पाठ के बाद पदयात्रा निकालकर मंदिरों के चढ़ावे से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की जाएगी।
यात्रा के माध्यम से शहर की बुनियादी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसमें पेयजल संकट, सीवर की समस्या, जलनिकासी, बदहाल सड़कें, सफाई व्यवस्था और स्मार्ट सिटी के दावों के बीच नागरिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जैसे मुद्दे शामिल हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डवार लोगों से संवाद कर उनकी शिकायतें सुनेंगे और संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से जवाबदेही की मांग करेंगे।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी न्याय यात्रा का उद्देश्य बनारस की जनता की आवाज बनना और उनके साथ हो रहे अन्याय एवं उपेक्षा के सवालों को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1989 से लगातार नगर निगम में भाजपा का कब्जा रहा है। शहर के सांसद, विधायक, मंत्री और एमएलसी भी भाजपा से हैं। इसके बावजूद जनता पेयजल, सीवर, सड़क, जलनिकासी और सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा स्मार्ट सिटी के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन आज भी शहर के अनेक मोहल्लों में लोगों को शुद्ध पेयजल और बेहतर नागरिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। डबल इंजन सरकार ने काशी को प्रयोगशाला बनाकर रख दिया है। इतने वर्षों तक सत्ता और नगर निगम की जिम्मेदारी संभालने के बावजूद मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी न्याय यात्रा केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के बीच पहुंचकर उनकी आवाज सुनने और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने का निरंतर अभियान है। कांग्रेसजन सभी 100 वार्डों में पदयात्रा कर प्रत्येक काशीवासी के दरवाजे तक पहुंचेंगे। वोट चोरी के आरोपों, मंदिरों में चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता और शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर व्यापक जनजागरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व प्रत्याशी तथा महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी का लक्ष्य एकजुट होकर जनता की समस्याओं को सड़क से सदन तक पहुंचाना और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कराना है।
यात्रा में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, सतनाम सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, रमजान अली, प्रवीण प्रकाश, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, पार्षद राज खान, मनोज वर्मा, नरसिंह वर्मा, अब्दुल हमीद डोडे, रत्नाकर वर्मा, विपिन पाल, रविशंकर श्रीवास्तव, लालजी यादव, रोहित दुबे, साबिर अली, दीपचंद्र विश्वकर्मा, सतेंद्र तिवारी, अनिल पटेल, अनिल केशरी, विकास पांडेय, विशाल तिवारी और गोपाल चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।

