षष्ठी महोत्सव में गूंजे श्रीकृष्ण के भजन, बाल लीलाओं ने मोहा मन
भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे लोग
वाराणसी (जनवार्ता)। नमो घाट स्थित खिड़कियां घाट के गोवर्धन धाम में गुरुवार को षष्ठी महोत्सव की धूम रही। सुबह से ही श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम सात बजे आयोजित संध्या आरती में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। आरती के बाद इस्कॉन मंदिर से जुड़े भजन गायकों ने श्रीकृष्ण के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही बटोरी।


श्रीकृष्ण के भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। बीच-बीच में महिलाओं और बच्चों ने भी अपनी सुरीली प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने नृत्य-नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी बाल लीलाओं का सजीव मंचन किया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू, महामंत्री जयप्रकाश यादव, उपाध्यक्ष अजय यादव, दिनेश यादव, अभय स्वाभिमानी, कोषाध्यक्ष सीताराम यादव एवं संपादक राजेश अहीर ने अतिथियों का केसरिया पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही लोगों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सांस्कृतिक मंच से ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल जी यादव एवं सदस्य डॉ. शिवनाथ यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद यादव गप्पू ने की, संचालन महामंत्री जयप्रकाश यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष सीताराम यादव ने किया।
महोत्सव में पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, विधायक प्रभु यादव, महापौर अशोक तिवारी, डॉ. दयाशंकर मिश्र, विधायक नीलकंठ तिवारी, विधायक आशुतोष सिन्हा, पूर्व विधायक अजय राय, प्रवक्ता मनोज सिंह काका और सांसद वीरेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

