जौनपुर में ट्रक ड्राइवर की सरिया-डंडे से पीटकर हत्या
शव रखकर चार घंटे जाम
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह 28 वर्षीय ट्रक चालक विशाल की सरिया और डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। विशाल अपने दोस्त संदीप यादव के साथ सैलून से बाल-दाढ़ी बनवाकर बाइक से घर लौट रहा था। रामदयालगंज बाजार के पास पहले से घात लगाए हमलावरों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले संदीप पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद विशाल को घेरकर सरिया और डंडे से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शी संदीप यादव के मुताबिक, हमलावर झाड़ियों से निकलकर सामने आए थे। रॉड के हमले में चोट लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद नीरज यादव, प्रियांशु यादव समेत अन्य लोगों ने विशाल को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल हो गया।

बताया जा रहा है कि विशाल और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। संदीप ने वर्ष 2018 की एक पुरानी घटना का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि इसी विवाद में उसके भाई विकास यादव के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसके दोनों हाथ टूट गए थे। परिवार का आरोप है कि उस समय पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।
विशाल की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन लगभग चार घंटे तक चला। इस दौरान रामदयालगंज बाजार की कई दुकानें बंद हो गईं और सड़क पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
स्थिति को देखते हुए मौके पर दो अपर पुलिस अधीक्षक, तीन क्षेत्राधिकारी, सात थानों की पुलिस और पीएसी के जवान पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब दोपहर तीन बजे जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के विवाद और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

