गणेश पूजा पंडाल लगाने को लेकर समिति अध्यक्ष से मारपीट का आरोप
रानी बाजार में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात, तहरीर के आधार पर जांच शुरू
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के रानी बाजार में गणेश पूजा पंडाल लगाने को लेकर विवाद हो गया। पूजा समिति ने कुछ युवकों पर पंडाल बना रहे समिति अध्यक्ष टिंकू मोदनवाल और मजदूरों के साथ मारपीट करने तथा पंडाल के सामान को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

समिति अध्यक्ष टिंकू मोदनवाल ने राजातालाब थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पंडाल लगाने के दौरान अशर्फी और रियाजु नामक युवकों समेत कुछ अन्य लोगों ने विवाद शुरू किया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट करने के साथ ही धमकी दी गई और पंडाल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान को नुकसान पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन पूजा स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक पुलिस की निगरानी में पंडाल लगाने का काम जारी था और क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बनाए हुए थी।

