शातिर चेन स्नेचर गिरफ्तार
ट्रेन की खिड़की पर बैठी महिलाओं को बनाता था निशाना
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट जीआरपी ने ट्रेनों में महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर चेन व पर्स लूटने वाले शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान चितईपुर निवासी रतन डोम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार 100 रुपये नकद और एक सोने की चेन बरामद की है।


जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर के अनुसार, ट्रेनों की खिड़की के पास बैठी महिलाओं से चेन स्नेचिंग की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ऐसे अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में रविवार रात कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से रतन डोम को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन की खिड़की के पास बैठी महिलाओं को टारगेट करता था और ट्रेन के चलने के दौरान चेन खींचकर फरार हो जाता था। इसके अलावा रात में बाथरूम जाने वाली महिलाओं का पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूद जाने की बात भी उसने पुलिस को बताई।
जीआरपी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चेन स्नेचिंग और लूट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

