अवैध शराब तस्करी में एक गिरफ्तार, 14.30 लाख की बरामदगी
सोनभद्र। अनपरा पुलिस ने “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 178.92 लीटर शराब, एक हुंडई क्रेटा कार और 1,500 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान की अनुमानित कुल कीमत करीब 14.30 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार की देर- शाम को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मध्य प्रदेश की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना पर अनपरा पुलिस ने मध्य प्रदेश सीमा की ओर चेकिंग शुरू की। औड़ी मोड़, टोला दुल्लापाथर के पास सड़क किनारे खड़ी कार की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कार सवार अजय कुमार सिंह उर्फ झगड़ू (47), निवासी कोईलखा, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह, झारखंड को गिरफ्तार किया। तलाशी में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 36 बोतल, मैकडॉवेल की 180 एमएल की 144 बोतल तथा रॉयल स्टैग की 375 एमएल की 336 बोतल बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार शराब की कुछ बोतलों पर “फॉर सेल इन मध्य प्रदेश ओनली” और “फॉर सेल इन यूनियन टेरिटरी चंडीगढ़ ओनली” अंकित था।
पूछताछ में आरोपी ने शराब मध्य प्रदेश के सिंगरौली से लेकर बिहार बॉर्डर के पास बेचने की बात बताई। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

