झारखंड : 24 मिनट में 36 करोड़ का सोना और 43 लाख नकदी लूट ले गए बदमाश
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के गोलमुरी चौक के समीप स्थित केनरा बैंक की शाखा में गुरुवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। मूसलाधार बारिश का फायदा उठाते हुए रेनकोट पहने पांच बदमाश बैंक में घुसे और करीब 24 मिनट में बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर चेस्ट और सेफ में रखा करीब 36 करोड़ रुपये मूल्य का 23 किलोग्राम सोना तथा 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

बताया गया कि लूटा गया सोना करीब 600 पैकेट में रखा था और ग्राहकों से संबंधित था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। डकैती को झारखंड गठन के बाद किसी वित्तीय संस्थान में हुई सबसे बड़ी स्वर्ण और नकदी लूट बताया जा रहा है।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दो बाइकों से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक परिसर की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 पुलिस अधिकारियों की विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी के लिए जमशेदपुर से सटे सरायकेला और चाईबासा के अलावा पश्चिम बंगाल तथा ओडिशा से जुड़ी सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी है।

