भ्रामक खबर चलाने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई : डीसीपी राजेश पाण्डेय
ढेरही टोल प्लाजा पर किसान आंदोलन के दौरान भगदड़ में मौत की खबर को बताया भ्रामक, घायल का ट्रॉमा सेंटर में चल रहा उपचार
वाराणसी (जनवार्ता) । चोलापुर क्षेत्र के ढेरही टोल प्लाजा पर किसान आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज और भगदड़ में मौत की खबर प्रसारित किए जाने को पुलिस प्रशासन ने भ्रामक बताया है। डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय ने कहा कि बिना पुष्टि के इस तरह की खबर प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ने बताया कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वह ढेरही टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। पुलिस के पास उपलब्ध वीडियो फुटेज में भी किसी प्रकार की भगदड़ दिखाई नहीं दे रही है। जिस व्यक्ति को कुछ माध्यमों में मृत बताया जा रहा है, उसका ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टोल प्लाजा के समीप जिन किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, वहां किसी प्रकार का लाठीचार्ज नहीं हुआ। डीसीपी ने कहा कि घटना की वास्तविक स्थिति की पुष्टि किए बिना मौत, लाठीचार्ज और भगदड़ जैसी खबरें प्रसारित करना गंभीर विषय है। ऐसी भ्रामक सूचनाओं से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
वहीं, एसडीएम सदर ने भी दुर्घटना में मौत की पुष्टि नहीं की है। उनके अनुसार दुर्घटना में घायल व्यक्ति का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील घटना के संबंध में अपुष्ट सूचना प्रसारित करने के बजाय अधिकृत स्रोतों से तथ्यों की पुष्टि करें।
ढेरही टोल प्लाजा को लेकर बुधवार को किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर क्षेत्र में पहले से ही पुलिस बल तैनात था और प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा था।

