चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी समेत तीन गिरफ्तार, लोहे का सामान और ऑटो बरामद
सोनभद्र (जनवार्ता)। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी करने वाले दो आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लोहे का सामान तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को ग्राम गोरारी निवासी बसन्तु ने विशाल उर्फ मोनू को ऑटो संख्या यूपी64सीटी1815 के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। आरोप है कि वह उनके घर में घुसकर लोहे का सामान ऑटो में लादकर ले जा रहा था। जांच के दौरान गोरारी में निर्माणाधीन मकान से लोहे की रिंग, सरिया, सीमेंट और रोशनदान चोरी करने की घटना में भी आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने विशाल उर्फ मोनू, कामेश्वर उर्फ बबलू और कबाड़ी अमित कुमार बिन्द को गिरफ्तार किया। विशाल की निशानदेही पर अमित की दुकान से करीब 25 किलो लोहे का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में आठ किलो लोहे की रिंग, दो सरिया, सरिया के टुकड़े, दो रम्बा, टेम्पू का जोका और तीन लोहे के पाइप शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक विशाल और कामेश्वर के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल हेमन्त बारी, हेड कांस्टेबल विष्णु शंकर उपाध्याय और कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार शामिल रहे।


