लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों का सांकेतिक विरोध, काला फीता बांधकर जताया आक्रोश
सोनभद्र (जनवार्ता) । टीवी कंट्रोल इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को प्रदेशभर के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। संगठन के निर्णय के तहत ऑनलाइन कार्यों का निष्पादन नहीं किया गया, जबकि मरीजों से संबंधित कार्य एवं आवश्यक सेवाएं नियमित रूप से संचालित होती रहीं।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के बावजूद मरीजों की चिकित्सा सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। कर्मचारियों ने मरीज हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सेवाएं पूर्ववत जारी रखीं। आंदोलन के दौरान संगठन की ओर से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
संगठन ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पिछले 10 वर्षों से लंबित वेतन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करना, वरिष्ठता के आधार पर अतिरिक्त लॉयल्टी लाभ देना तथा कर्मचारियों को लैपटॉप और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा 30 लाख रुपये के टर्म इंश्योरेंस से संबंधित लंबित दावों के तत्काल निस्तारण की मांग भी की गई।
एसोसिएशन ने जनपदों में रिक्त पदों को अविलंब भरने की मांग करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों पर पड़ रहे अनावश्यक कार्यभार को कम करने और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी। साथ ही कर्मचारियों की सेवा परिस्थितियों के अनुरूप अन्य आवश्यक सुविधाएं एवं कल्याणकारी लाभ उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस अवसर पर सुशील द्विवेदी, शावेज़ अहमद, सतीश चंद्र सोनकर, अभिमन्यु प्रसाद दुबे, शैलेंद्र सिंह एवं विमल कुमार सिंह मौजूद रहे। संगठन ने शासन एवं संबंधित अधिकारियों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान की अपील की है।


