शुभांगी मिस व चंद्रशेखर चुने गए मिस्टर फ्रेशर
जीवनदीप में ‘तरंग-एक नयी लहर’ फ्रेशर पार्टी का धमाल
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय के सभागार में मंगलवार को शिक्षा विभाग की ओर से नव प्रवेशी छात्रों के स्वागत में ‘तरंग-एक नयी लहर’ थीम पर भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान बीएड और बीटीसी के सीनियर एवं जूनियर छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जमकर समां बांधा। प्रतियोगिता के आधार पर शुभांगी यादव को ‘मिस फ्रेशर’ और चंद्रशेखर को ‘मिस्टर फ्रेशर’ चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में उपस्थित संस्थान की वाइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह ने नए छात्रों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन छात्रा गार्गी चतुर्वेदी, अनुष्का सिंह एवं अभय दूबे ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रेश चंद्र सिंह, रजिस्ट्रार नंदलाल यादव, उप-प्राचार्य डॉ. अमित कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जिनेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. नंदा द्विवेदी, डॉ. वीणा पांडेय, डॉ. जहाँआरा, डॉ. कल्पना चतुर्वेदी, डॉ. पायल श्रीवास्तव, प्रवक्ता अलका सिंह, पप्पू कुमार, विमल त्रिपाठी, उमेश चंद्र जायसवाल तथा प्रार्थना सिंह सहित समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।


