वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की हुई समीक्षा

वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की हुई समीक्षा

प्रेक्षकों ने दिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश, मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग व सीसीटीवी के होंगे इंतजाम

वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को आयुक्त सभागार में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त स्नातक निर्वाचन के प्रेक्षक जी.एस. प्रियदर्शी और शिक्षक निर्वाचन के प्रेक्षक प्रांजल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंडल के सभी संबंधित जिलों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

rajeshswari

आयुक्त एवं रिटर्निंग अधिकारी एस. राजलिंगम ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण करते हुए मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल, पोलिंग पार्टियों के गठन, कार्मिकों की उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

प्रेक्षकों ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदान एवं मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी के रेंडमाइजेशन, पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम मतदान अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर, यातायात व्यवस्था, रूट चार्ट तथा सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। निर्वाचन में लगाए गए सभी कार्मिकों को ड्यूटी आदेश समय से तामील कराने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ एवं प्रशिक्षण नोडल अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने रेंडमाइजेशन तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की निर्धारित तिथियों की जानकारी प्रेक्षकों को दी। उन्होंने निर्देशित किया कि मतगणना परिसर में पर्याप्त पुलिस बल के साथ आवश्यक बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम तथा मतदान केंद्रवार कम्युनिकेशन प्लान तैयार रहे। सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसे भी पढ़े   आर.एस. शिवमूर्ति पब्लिक स्कूल में दीपावली के अवसर पर रंगोली और दिया मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित

बैठक में वर्चुअली जुड़े सोनभद्र, भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया और चंदौली के जिला निर्वाचन अधिकारियों से उनकी तैयारियों की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान डीएम सत्येंद्र कुमार, सहायक रिटर्निंग अधिकारी आलोक कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *