बरेका के सूर्य सरोवर पर 20 हजार से अधिक दीपों से मनी देव दीपावली

बरेका के सूर्य सरोवर पर 20 हजार से अधिक दीपों से मनी देव दीपावली

तिरंगे की रोशनी से जगमगाया परिसर

वाराणसी (जनवार्ता)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बरेका स्थित सूर्य सरोवर को 20 हजार से अधिक दीपों से सजाया गया। दीपों की जगमगाहट और तिरंगे के तीनों रंगों की आकर्षक विद्युत सज्जा से पूरा परिसर आध्यात्मिक एवं दिव्य आभा से आलोकित हो उठा।

rajeshswari

देव दीपावली के अवसर पर बरेका की माताओं एवं बहनों ने सूर्य सरोवर पर हजारों दीप प्रज्वलित कर समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि, खुशहाली और स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान महिलाओं ने भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। दीपों की मनमोहक छटा और मधुर भक्ति गीतों ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।

सूर्य सरोवर का मनोहारी दृश्य और तिरंगे के तीनों रंगों से सजी विद्युत रोशनी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। दीपों की रोशनी के बीच तिरंगे की गौरवशाली छटा ने उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपरा और प्रकाश पर्व की महत्ता का संदेश दिया गया।

आयोजन के अगले दिन बुधवार को सूर्य सरोवर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की जाएगी। इसमें सरोवर संरक्षण क्लब, भारत स्काउट एवं गाइड, सिविल डिफेंस तथा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की विशेष सहभागिता रहेगी।

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि दीपों की जगमगाहट, तिरंगे की गौरवशाली छटा और भक्तिमय वातावरण ने सूर्य सरोवर को आकर्षक एवं अविस्मरणीय स्वरूप प्रदान किया।

इसे भी पढ़े   खड़ी हाइवा में जा भिड़ी एम्बुलेंस, चालक समेत दो घायल
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *