मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अधिवक्ताओं ने निकाली प्रतीकात्मक शवयात्रा
इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर जताया विरोध
वाराणसी (जनवार्ता)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को कचहरी से अधिवक्ता डॉ. राहुल राज के नेतृत्व में प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तीन प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग शामिल रही।


प्रदर्शन के दौरान डॉ. राहुल राज ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार जीवित हैं, तो उन्हें देश की जनता के सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित वोट चोरी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किसके कहने पर कथित वोट चोरी की गई। डॉ. राहुल राज ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त अपनी बात सामने नहीं रखते हैं, तो देश की जनता उन्हें मृतप्राय समझेगी।
अधिवक्ताओं ने अपनी तीनों मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में विकास चौहान, हर्ष सोनकर, रामलखन साहनी, सचिन कुमार, पंकज कन्नौजिया, करन गुप्ता, अखिलेश कनौजिया, ऋषभ चतुर्वेदी, सोनू अहमद, राहुल कनौजिया, राजेश यादव, सूर्य कनौजिया, दानिश अंसारी, राजन मिश्रा और मुकेश गिरी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

