कांशीराम जी के मिशन को आगे बढ़ाना ही जीवन का लक्ष्य: मायावती
बसपा सुप्रीमो ने महापरिनिर्वाण दिवस पर दी श्रद्धांजलि, भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग दोहराई
*लखनऊ (जनवार्ता)*। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मान्यवर कांशीराम जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। लखनऊ स्थित बसपा के केंद्रीय कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मायावती सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कांशीराम जी को नमन किया। इस अवसर पर आकाश आनंद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। देशभर में भी बसपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मायावती ने कांशीराम जी के सामाजिक परिवर्तन में ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज ही उनका असली परिवार है और उसके हितों को सर्वोपरि रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने जिस उद्देश्य के साथ बहुजन समाज को जागरूक और सशक्त बनाने का आंदोलन शुरू किया था, उसे आगे बढ़ाना तथा बहुजन समाज को शासक वर्ग बनाना बसपा का प्रमुख लक्ष्य है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि वह कांशीराम जी के विश्वास को कभी आंच नहीं आने देंगी। पार्टी और आंदोलन को परिवारवाद से मुक्त रखते हुए आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करने को बसपा का लक्ष्य बताया।
कांशीराम जी को भारत रत्न देने की मांग
मायावती ने केंद्र सरकार से एक बार फिर मांग की कि मान्यवर कांशीराम जी को उनके सामाजिक योगदान और बहुजन समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों के सम्मान में भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी का योगदान सामाजिक परिवर्तन के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है और उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए।
गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी पर उठाए सवाल
कार्यक्रम के दौरान मायावती ने गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी और अशिक्षा जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकारों को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। जनकल्याण से जुड़े मामलों में कारोबारी सोच के बजाय संवैधानिक मूल्यों और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज सहित समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। कांशीराम जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उनके विचारों और सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए बसपा ने उनके मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

