शिवपुर में भरत मिलाप पर भक्ति और संस्कृति का संगम, रातभर उमड़े श्रद्धालु

शिवपुर में भरत मिलाप पर भक्ति और संस्कृति का संगम, रातभर उमड़े श्रद्धालु

मां काली मंदिर में भव्य श्रृंगार व जागरण, शिवमंदिर पर डांस प्रतियोगिता तो लालजी कुआं पर गूंजा बिरहा

वाराणसी। शिवपुर में भरत मिलाप के अवसर पर रविवार को पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। बाजार और आसपास के इलाकों में जगह-जगह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देर रात तक हजारों श्रद्धालु पूरे बाजार में भ्रमण करते रहे और विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे। मंदिरों में पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा शिवपुर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

rajeshswari

नारायण पार्क के समीप स्थित प्राचीन मां काली मंदिर में मां का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति गीतों में लीन रहे। मां काली के दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं, सब्जी मंडी के समीप स्थित शिवमंदिर में भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। यहां आयोजित डांस प्रतियोगिता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।

लालजी कुआं के समीप बिरहा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने लोगों को देर तक बांधे रखा। वहीं, पंचकोशी मार्ग स्थित नार्मल स्कूल परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

भरत मिलाप के मुख्य आकर्षणों में रामलीला कमेटी की ओर से निकाले गए दर्जनों आकर्षक लाग विमान भी शामिल रहे। सजे-धजे लाग विमानों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने पूरे बाजार में भ्रमण कर धार्मिक झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

इसे भी पढ़े   महेश बाबू के बयान पर राहुल देव का तंज

शिवपुर में भरत मिलाप का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक बना। मंदिरों में भक्ति, मंचों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बाजार में श्रद्धालुओं की चहल-पहल के बीच देर रात तक उत्सव का माहौल कायम रहा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *