तमिलनाडु की जेल से 17 कैदी फरार, चार गिरफ्तार
मिर्गी का बहाना बनाकर जेलकर्मियों पर हमला, तीन घायल
थेनी। तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी उपजेल में सोमवार देर रात 17 विचाराधीन कैदी जेलकर्मियों पर हमला कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक कैदी ने मिर्गी का दौरा पड़ने का बहाना बनाया। मदद के लिए दरवाजा खोलते ही कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया और भाग निकले।

हमले में तीन जेलकर्मी घायल हुए। इनमें थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। 27 अक्टूबर तक चार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि 13 की तलाश जारी है। पुलिस ने फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए 17 विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा में चूक के मामले में नौ जेलकर्मियों को निलंबित किए जाने की भी खबर है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

