स्कूल के बगल में अवैध गैस रिफिलिंग, दुकान में विस्फोट से मची अफरातफरी
-पुलिस की कथित मिलीभगत से कारोबार फलने-फूलने का आरोप, घटना के बाद जांच शुरू
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के समीप स्थित वर्मा कटरा में बुधवार देर शाम गैस चूल्हा मरम्मत की दुकान में विस्फोट से अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान में बड़े गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जाती है। दुकान के ठीक बगल में स्कूल होने से लोगों ने गंभीर हादसे की आशंका जताई है।

विस्फोट की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि तिवारी बाबा नामक दुकानदार का अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार कथित पुलिस संरक्षण में चल रहा है। क्षेत्र की अन्य दुकानों पर भी इस तरह का काम होने का दावा किया गया।
लोगों का कहना है कि संयोगवश मतगणना के कारण स्कूल बंद था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने अवैध रिफिलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में शिवपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। आग पर काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

