मरीजों को इलाज से वंचित न रखें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
वाराणसी (जनवार्ता)। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को सर्किट हाउस में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक की। इसमें वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए। जिसमें उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अस्पतालों में आने वाले किसी भी मरीज को आवश्यक चिकित्सा सुविधा से वंचित न रखा जाए। वही ओपीडी का नियमित संचालन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी और ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप सर्जरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दवाओं, बेड, स्ट्रेचर और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। इस बैठक में पांडेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय और मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की समीक्षा की गई।


इसमें प्राचार्य डॉ. कमल कुमार को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की निगरानी बढ़ाने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। जहाँ सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं और विभागीय प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया।

