देवास : शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को ट्रक ने कुचला, इलाज के दौरान मौत

देवास : शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को ट्रक ने कुचला, इलाज के दौरान मौत

चालक ट्रक लेकर फरार

मध्य प्रदेश। देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे पुलिस अधिकारी की दर्दनाक मौत हो गई। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कथित तौर पर शराब से भरे ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

rajeshswari

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब लेकर एक वाहन इंदौर के रास्ते गुजरात जा रहा है। इस पर देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमें संदिग्ध वाहन की तलाश और पीछा कर रही थीं।

बताया गया कि रविवार देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हाईवे पर संदिग्ध आयशर वाहन दिखाई दिया। थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। आरोप है कि वाहन का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर और अन्य जीवनरक्षक प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संबंधित आयशर वाहन को जब्त कर लिया है। चालक वाहन को संदलपुर में छोड़कर फरार हुआ था। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़े   कोलकाता : दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से कई श्रद्धालुओं की मौत का दावा

दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उपनिरीक्षक थे। वे इंदौर के हीरानगर और चंदननगर सहित कई थानों में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

इस घटना ने एक बार फिर अवैध शराब के कारोबार और तस्करी रोकने में जुटे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी के दौरान एक थाना प्रभारी की जान चले जाने से पुलिस विभाग और आम लोगों में चिंता का माहौल है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *