कुशीनगर : तिलक समारोह से लौट रही वैन को ट्रेलर ने मारी टक्कर, छह लोगों की मौत

कुशीनगर : तिलक समारोह से लौट रही वैन को ट्रेलर ने मारी टक्कर, छह लोगों की मौत

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव, दो बच्चे गंभीर

कुशीनगर (जनवार्ता)। जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह स्थित पेट्रोल पंप के पास तिलक समारोह से लौट रही ईको वैन की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

rajeshswari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलूही गांव निवासी लोग रिश्तेदार के यहां देवराड़ पिपरा में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार देर रात समारोह से खुशी-खुशी घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र में थरुआडीह के पास उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई शवों को गैस कटर की मदद से वाहन काटकर बाहर निकाला गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में भलूही गांव के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबेलास (65), राममिलन (35), 12 वर्षीय आयुष सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। हादसे में राममिलन के 17 वर्षीय पुत्र आर्यन समेत बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ रिपोर्टों में दो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी गई है।

इसे भी पढ़े   गंगा घाट पर शंखनाद कर बंग परिषद की महिलाओं ने पीएम मोदी का किया स्वागत

घटना की खबर गांव पहुंचते ही पूरे भलूही में मातम छा गया। जिस घर में मांगलिक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का दर्द है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत से हर आंख नम है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

हाईवे पर कब थमेगा मौत का सिलसिला?

तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही एक बार फिर छह परिवारों की खुशियां निगल गई। सवाल यह है कि आखिर सड़क सुरक्षा के दावे कब धरातल पर उतरेंगे और कब हाईवे पर बेखौफ दौड़ते भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा?

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *