एटीएम में ठगी का शिकार हुई फौजी की पत्नी! कार्ड बदलकर उड़ाए ₹40,000, सीसीटीवी फुटेज से खुलासे की उम्मीद
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ₹40,000 निकालने की सनसनीखेज धोखाधड़ी की घटना प्रकाश में आई है। पीड़ित महिला सोनी देवी निवासी टेकरी, थाना चोलापुर ने बताया कि सोमवार दोपहर में वह मुनारी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसा निकालने गई थी। मशीन में अपना एटीएम कार्ड डालते ही पीछे खड़ा एक अज्ञात व्यक्ति आगे आया और उसका कार्ड मशीन में डालकर बोला कि पिन डालिए, नहीं तो कार्ड ब्लॉक हो जाएगा। पिन डालने के बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया।इसके बाद मशीन से पैसा नहीं निकला। कुछ समय पश्चात महिला के पति के मोबाइल पर संदेश प्राप्त हुआ कि चार बार में ₹40,000 खाते से निकाल लिए गए हैं। इसके बाद महिला ने एटीएम कार्ड ध्यान से देखा तो वह उसका कार्ड नहीं था। महिला के पति फौज में नौकरी करते हैं। अज्ञात व्यक्ति द्वारा एटीएम कार्ड बदलकर पैसा निकाला गया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।थाना प्रभारी ने दिया जांच का भरोसा: इस संबंध में थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने जनवार्ता प्रतिनिधि को बताया कि सीसीटीवी फुटेज व तहरीर के आधार पर जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। टीमें गठित कर जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।


