त्योहारों पर उपद्रव और अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री योगी
शासन से थानों तक पुलिसकर्मियों के अवकाश निरस्त
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उल्लास और उमंग के पर्वों के दौरान प्रदेश में कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। त्योहारों पर शांति, सौहार्द और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन से लेकर थानों तक के अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 24 घंटे पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। खुले स्थानों पर पटाखों की बिक्री की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेशभर में निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पर्वों के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने राशन वितरण में घटतौली को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जो दूसरों के लिए नजीर बने। उन्होंने पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का त्वरित निस्तारण करने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को समय से मानदेय उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने खाद की कालाबाजारी रोकने और धान खरीद में किसी भी तरह की देरी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता और धान क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए, जिससे प्रदेश में सभी पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

